सुखेर पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल छुड़ाया, चार महिलाओं समेत छह आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर, 10 सितंबर: जमीनी विवाद को लेकर युवक के अपहरण के मामले में सुखेर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे में अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मारुति ईको कार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार बेदला निवासी ललिता ने रिपोर्ट दी कि सुबह करीब 8 बजे उसके पति कमलेश बेटी को स्कूल छोड़ने गए थे। इसी दौरान मंजू डांगी, कंकू डांगी, भगवती लाल डांगी, शिवम डांगी और प्रकाश डांगी ने कार से उनकी स्कूटी को टक्कर मारकर कमलेश को जबरन कार में डालकर अपहरण कर लिया। पूर्व में भी आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने की बात सामने आई। पुलिस ने दो विशेष टीमें गठित कर तकनीकी व मनोवैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। टीम ने देलवाड़ा क्षेत्र के गुढ़ली गांव और खमनोर के जंगलों में दबिश देकर युवक को सकुशल मुक्त कराया। पुलिस के दबाव के चलते आरोपी कमलेश से जमीन की रजिस्ट्री कराने की योजना में सफल नहीं हो सके।
गिरफ्तार आरोपियों में मंजू (27), शिवम (25), कंकूबाई (50), निर्मला (21), जया (22) और प्रकाश (21) शामिल हैं। पुलिस मामले में आगे जांच कर रही है।