सबलपुरा के कैलाश पटेल ने 1400 किमी की पैदल यात्रा कर माता वैष्णो देवी में दी हाजिरी
Share
आस्था और संकल्प की मिसाल:
उदयपुर, 6 जनवरी: उदयपुर के सबलपुरा निवासी कैलाश पटेल ने लगभग 1400 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर जम्मू स्थित माता वैष्णो देवी के पावन दरबार में माथा टेका। करीब 40 दिनों तक चली यह कठिन यात्रा आस्था, धैर्य और अनुशासन का जीवंत उदाहरण रही।
यात्रा के दौरान कैलाश पटेल ने राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के शहरों और गांवों से होकर गुजरते हुए आमजन से संवाद किया और शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों, युवाओं और श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और थकान के बावजूद, माता रानी में अटूट श्रद्धा ने उन्हें हर चुनौती से पार लगाया। कैलाश ने बताया कि यात्रा के हर पड़ाव पर माता रानी की कृपा का अनुभव हुआ और इससे उनका मनोबल बना रहा।
यह उनकी केवल धार्मिक यात्रा नहीं थी, बल्कि युवाओं को नशा मुक्ति, सकारात्मक जीवनशैली और अनुशासन की प्रेरणा देने वाला संदेश भी रही। कैलाश पटेल की इस ऐतिहासिक पदयात्रा से उदयपुर और पूरे मेवाड़ क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। लोग इसे आस्था और साहस की मिसाल मान रहे हैं।
