सेक्सटॉर्शन गिरोह का पर्दाफाश, व्यापारी से 12.14 लाख की ठगी
Share
अश्लील वीडियो कॉल से ब्लैकमेल कर वसूली, राजसमंद साइबर पुलिस ने अलवर से दो आरोपियों को दबोचा
राजसमंद, 2 जुलाई : राजसमंद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सेक्सटॉर्शन के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए अलवर जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रेलमगरा क्षेत्र के एक व्यापारी को अश्लील वीडियो कॉल के जरिए ब्लैकमेल कर 12 लाख 14 हजार 520 रुपये की ठगी की थी। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य राज्यों में की गई वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक के सुपरविजन में थानाधिकारी दुर्गाप्रसाद दाधीच के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार पीड़ित व्यापारी ने 28 जून को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि एक अज्ञात व्हाट्सएप नंबर से वीडियो कॉल आई, जिसमें महिला आपत्तिजनक अवस्था में दिखाई दी। इसके बाद उसकी फोटो और वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल शुरू किया गया।
आरोपी कभी खुद को पुलिस अधिकारी, कभी यूट्यूबर और कभी न्यूज एडिटर बताकर कार्रवाई व बदनामी का डर दिखाते रहे। इसी बहाने उन्होंने अलग-अलग किस्तों में व्यापारी से 12.14 लाख रुपये वसूल लिए।
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने अलवर जिले के पीनान निवासी माहिर आजाद (22) और सिलमोली पहाड़ीवास निवासी मनीष खान (28) को गिरफ्तार किया है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में इस गिरोह से जुड़े कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान वीडियो कॉल को स्वीकार न करें और ऐसे मामलों में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
