अमेरिकी नंबरों से राजस्थान में चला रहा था तस्करी का नेटवर्क, 20 हजार का इनामी गिरफ्तार
Share
ढाई साल से फरार था मुख्य आरोपी, चोरी की स्कॉर्पियो में पकड़ा गया था डोडा चूरा; बाड़मेर से खरीदार भी गिरफ्तार
उदयपुर, 20 अक्टूबर। चित्तौड़गढ़ जिले में नाकाबंदी तोड़कर अफीम डोडा चूरा से भरी स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हुआ 20 हजार रुपए का इनामी तस्कर करीब ढाई साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा है। निकुंभ थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र और नशा मुक्त चित्तौड़गढ़ अभियान के तहत मुख्य आरोपी खेताराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बाड़मेर से एक अन्य आरोपी प्रकाश थोरी को भी पकड़ा है। पुलिस के अनुसार खेताराम अमेरिकी नंबरों और सोशल मीडिया ऐप के जरिए अपने साथियों के संपर्क में रहकर तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। अब दोनों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और माल सप्लाई करने वालों का पता लगाया जा रहा है।
नाकाबंदी तोड़कर खेतों में भागे थे आरोपी
मामला 22 मई 2024 का है। निकुंभ थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक नाकाबंदी तोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर वाहन के टायरों पर फायर किए, जिसके बाद स्कॉर्पियो रुक गई। पुलिस के पहुंचने से पहले चालक और उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते फरार हो गए। तलाशी में स्कॉर्पियो से बड़ी मात्रा में अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ।
चोरी की स्कॉर्पियो के नंबरों से छेड़छाड़
जांच में सामने आया कि तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो चोरी की थी। उसकी असली पहचान छिपाने के लिए इंजन और चेसिस नंबर के कुछ अंकों से भी छेड़छाड़ की गई थी। वाहन की पहचान करने के लिए पुलिस को एफएसएल विशेषज्ञों की मदद लेनी पड़ी। तकनीकी जांच और जुटाए गए सुरागों के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंची। जांच में यह भी सामने आया कि खेताराम सोशल मीडिया ऐप और अमेरिकी नंबरों के जरिए साथियों से संपर्क करता था।
बाड़मेर से खरीदार भी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा और डीएसपी बड़ीसादड़ी हरीश चंद्र सिंह के सुपरविजन में निकुंभ थानाधिकारी प्रभुसिंह चुंडावत की टीम ने खेताराम पुत्र चीमाराम जाट निवासी अहसान का कला, बाड़मेर को गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पूछताछ के बाद पुलिस ने प्रकाश पुत्र मग्गाराम थोरी जाट निवासी गोलिया जैतमाल, थाना सदर, बाड़मेर को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार प्रकाश डोडा चूरा मंगवाने और उसकी खरीद-फरोख्त में शामिल था।
पाली में पुलिस से मुठभेड़ का भी जिक्र
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी का नाम पहले भी कई मामलों में सामने आ चुका है। करीब छह-सात महीने पहले पाली जिले के रानी थाना क्षेत्र में उसकी पुलिस से मुठभेड़ हुई थी। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और संपर्कों की जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और फरार संदिग्धों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

