LOADING

Type to search

सांवलिया सेठ के मासिक भंडार गणना के पहले चरण में निकले 11.11 करोड़

Local

सांवलिया सेठ के मासिक भंडार गणना के पहले चरण में निकले 11.11 करोड़

Share

चित्तौड़गढ़, 16 अप्रैल: चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित प्रसिद्ध आस्था धाम श्री सांवलिया सेठ मंदिर में आज वैशाख माह की कृष्ण पक्ष चतुर्दशी के अवसर पर मासिक भंडार विधि-विधान के साथ खोला गया। इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
भंडार खोलने की प्रक्रिया मंदिर के पुजारियों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराई गई। मंदिर मंडल बोर्ड के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव की मौजूदगी में राजभोग आरती के पश्चात भंडार खोला गया। जैसे ही भंडार खोला गया, वहां मौजूद श्रद्धालुओं और अधिकारियों में सांवलिया सेठ के जयकारे गूंज उठे
भंडार खोलने के बाद पहले दिन की प्रथम चरण की गणना में ही 11 करोड़ 11 लाख रुपए की धनराशि सामने आई, जो श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास को दर्शाती है। भंडार से प्राप्त धनराशि को पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भंडार गणना कक्ष में पहुंचाया गया, जहां मंदिर मंडल के सदस्य पवन तिवारी सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में गिनती शुरू की गई। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
गणना के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के साथ ही पूरे परिसर में निगरानी रखी गई। श्री सांवलिया सेठ मंदिर में हर माह भंडार खुलने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है, और हर बार श्रद्धालुओं की आस्था भंडार की अथाह धनराशि के रूप में सामने आती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *