श्री सांवलियाजी के भंडार से अब तक निकले 25.81 करोड़ रुपये, दूसरे चरण में 8.26 करोड़ की गणना
Share
चित्तौड़गढ़, 18 जून: विश्व प्रसिद्ध श्री सांवलियाजी मंदिर के भंडार से प्राप्त दान राशि में लगातार वृद्धि जारी है। चतुर्दशी को खोले गए भंडार की गणना के दूसरे चरण में 8 करोड़ 26 लाख 46 हजार 200 रुपये की राशि सामने आई है। इसके साथ ही अब तक कुल प्राप्त दान राशि 25 करोड़ 81 लाख 46 हजार 200 रुपये पहुंच गई है।
बुधवार को राजभोग आरती के बाद मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव की मौजूदगी में भंडार की गणना शुरू हुई। मंदिर मंडल सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। गणना के बाद राशि नियमानुसार बैंकों में जमा कराई गई।
मंदिर प्रशासन के अनुसार पहले चरण में 17 करोड़ 55 लाख रुपये की गणना हो चुकी थी। हालांकि यह आंकड़ा अभी अंतिम नहीं है, क्योंकि भंडार में मौजूद नोटों और चिल्लर की गिनती शेष है। साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए सोने-चांदी और अन्य बहुमूल्य भेंटों का वजन भी किया जाना बाकी है।
इस बीच मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना जारी रही। देशभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री सांवलियाजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर प्रशासन ने सभी प्रक्रियाओं को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने का दावा किया है।
