सरकारी स्कूल में 10वीं की छात्रा से छेड़छाड़, महिलाओं ने जड़े चप्पल
Share
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, आरोपी शिक्षक स्कूल से हटाया गया
उदयपुर, 21 जुलाई: जिले के एक सरकारी स्कूल में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां दसवीं कक्षा की एक छात्रा जब अपनी कॉपी चेक कराने शिक्षक के पास गई, तो आरोपी शिक्षक ने उसकी कमर पर हाथ रखकर अवांछित हरकत की। घटना के बाद सहमी हुई बच्ची ने तीन दिन बाद अपने परिजनों को आपबीती बताई।
बेटी के साथ हुई इस घिनौनी हरकत की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने स्कूल पहुंचकर आरोपी शिक्षक को क्लासरूम से बाहर निकाला और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान महिलाओं ने आरोपी को चप्पलों से भी पीटा। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और विधायक तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
घटना के तूल पकड़ते ही शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को स्कूल से हटा दिया है। वहीं, परिजनों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस शर्मनाक घटना ने शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षकों के आचरण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्वरूपसागर में चूरू की महिला ने लगाई छलांग, कालिका पेट्रोल टीम ने बचाई जान
उदयपुर, 21 जुलाई: उदयपुर शहर के स्वरूपसागर में सोमवार सुबह 56 वर्षीय महिला ने झील में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद दो युवकों और कालिका पेट्रोलिंग टीम की तत्परता से उसकी जान बच गई। महिला का एमबी अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना सुबह करीब 9 बजे की है। स्वरूपसागर स्थित पार्क में मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने महिला को अचानक झील में कूदते देखा तो अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद दो युवकों ने बिना देर किए झील में छलांग लगाई और सफाई कर्मचारियों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसी दौरान गश्त कर रही कालिका पेट्रोलिंग टीम की हेड कॉन्स्टेबल भंवर कुंवर और कॉन्स्टेबल सुनीता भी मौके पर पहुंचीं। गंभीर स्थिति को देखते हुए हेड कॉन्स्टेबल भंवर कुंवर करीब 200 मीटर दौड़कर ऑटो लेकर आईं और लोगों की मदद से महिला को तत्काल एमबी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। पुलिस के अनुसार महिला की पहचान विमला के रूप में हुई है। वह स्वरूपसागर क्षेत्र की निवासी हैं तथा मूल रूप से चूरू की रहने वाली हैं। उनके बेटे और बहू दोनों चिकित्सक हैं।
