320 कलाकारों ने बिखेरा हुनर का जादू
Share
उदयपुर डांस फेस्टिवल में प्रतिभाओं का महाकुंभ
उदयपुर, 13 जुलाई: लेक सिटी उदयपुर में आयोजित चौथे उदयपुर डांस फेस्टिवल-2026 में कला, संस्कृति और प्रतिभा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथक आश्रम संस्थान, एम स्क्वायर एंड प्रोडक्शन तथा उदयपुर डांस फेस्टिवल के संयुक्त तत्वावधान में कॉमर्स कॉलेज के वाणिज्य सभागार में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 5 वर्ष के बच्चों से लेकर 60 वर्ष तक के वरिष्ठ कलाकारों ने एक मंच पर अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजन से जुड़े मुकेश माधवानी ने बताया कि एक दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश से आए 320 से अधिक कलाकारों और विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा 108 रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। राजस्थानी, पंजाबी, मराठी और गुजराती लोक नृत्यों के साथ कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी, हिप-हॉप, के-पॉप, फ्यूजन और कंटेम्परेरी डांस की प्रस्तुतियों ने खूब वाहवाही बटोरी।
समारोह में कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में योगदान देने वाले भामाशाहों और प्रायोजकों का सम्मान भी किया गया। कथक आश्रम संस्थान की संस्थापिका चंद्रकला चौधरी ने कहा कि फेस्टिवल का उद्देश्य जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान कर उनकी कला को नई पहचान दिलाना है।
