बांसवाड़ा हत्याकांड में 6 संदिग्ध हिरासत में, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
Share
बांसवाड़ा, 28 अप्रैल: बांसवाड़ा जिले के मोटागांव थाना क्षेत्र के टामटिया गांव में युवक गोविंद की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। घटना के बाद तनावपूर्ण हालात को देखते हुए गांव में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है और आने-जाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
मृतक गोविंद के परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल 6 लोगों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद मंगलवार सुबह मृतक का शव परिजनों को सौंपा गया। गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखते हुए भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गमगीन माहौल में गोविंद का अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए गांव में लगातार निगरानी बनाए रखी है।
मामले के अनुसंधान अधिकारी रूपसिंह ने बताया कि पुलिस ने चश्मदीदों के बयान दर्ज कर लिए हैं और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
