पहली बार एसी ट्रेन से रामेश्वरम-मदुरई रवाना हुए 989 वरिष्ठ नागरिक
Share
राज्य सरकार की निःशुल्क तीर्थयात्रा योजना-2026 के तहत यात्रा शुरू, भोजन, आवास और चिकित्सा सहित सभी सुविधाएं निशुल्क
उदयपुर, 30 जुलाई: राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक निःशुल्क तीर्थयात्रा योजना-2026 के तहत गुरुवार को राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन से 989 वरिष्ठ नागरिकों को लेकर विशेष एसी ट्रेन रामेश्वरम-मदुरई के लिए रवाना हुई। दोपहर 2:45 बजे शहर विधायक ताराचंद जैन, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रमोद सामर, भाजपा आपदा राहत विभाग के प्रदेश संयोजक डॉ. जिनेंद्र शास्त्री, देवस्थान विभाग उदयपुर के सहायक आयुक्त जतिन गांधी तथा ऋषभदेव की सहायक आयुक्त दीपिका मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
इस विशेष ट्रेन में उदयपुर जिले के 676 तथा डूंगरपुर जिले के 313 वरिष्ठ नागरिक सवार हुए। देवस्थान विभाग की ओर से स्टेशन पर सुबह 5 बजे से ही यात्रियों के आवेदन पत्रों की जांच और टिकट आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। यह कार्य स्टेशन प्रबंधक सुमित्रा सिंह एवं निरीक्षक नितिन नागर के नेतृत्व में विभागीय कार्मिकों ने व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
यात्रा कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन 1 अगस्त को रामेश्वरम पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु भगवान रामनाथस्वामी के दर्शन करेंगे। इसके बाद उन्हें मदुरई स्थित प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। विशेष ट्रेन 6 अगस्त को पुनः उदयपुर लौटेगी। यात्रा के लिए पवन पटेल को ट्रेन प्रभारी नियुक्त किया गया है।
ट्रेन में 989 वरिष्ठ नागरिकों के अलावा एक राजपत्रित अधिकारी, मेडिकल टीम, अनुरक्षक तथा अन्य कर्मचारियों सहित कुल 30 सदस्यीय स्टाफ यात्रा कर रहा है। इस प्रकार ट्रेन में कुल 1019 लोग यात्रा पर हैं। यात्रा के दौरान सभी यात्रियों को चाय-नाश्ता, भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा, स्थानीय परिवहन और दर्शन की संपूर्ण व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
सहायक आयुक्त देवस्थान जतिन गांधी ने बताया कि इस वर्ष पहली बार वरिष्ठ नागरिकों के लिए एसी ट्रेन की व्यवस्था की गई है। इससे पहले तीर्थयात्राएं नॉन-एसी ट्रेनों से संचालित होती थीं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026 में 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को रेल मार्ग से तथा 6 हजार वरिष्ठ नागरिकों को हवाई मार्ग से नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर की तीर्थयात्रा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह योजना प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्वक और सुविधाजनक धार्मिक यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

