उदयपुर में आधी रात बारिश, तापमान में 4 डिग्री गिरावट
Share
ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना, बेमौसम बरसात से फसलों को नुकसान
उदयपुर, 20 मार्च: उदयपुर में गुरुवार देर रात हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। करीब आधे घंटे तक चली रिमझिम बारिश और तेज हवाओं के बाद शहर में ठंडक घुल गई। रात 11 बजे के आसपास शुरू हुई बारिश का असर सुबह तक बना रहा और तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
बारिश से पहले तेज हवा चली, जिसके बाद देहलीगेट, सूरजपोल, ओल्ड सिटी, अशोक नगर, शोभागपुरा और न्यू आरटीओ सहित कई इलाकों में बारिश हुई। शुक्रवार सुबह मौसम पूरी तरह साफ रहा, लेकिन ठंडी हवाओं का असर महसूस किया गया। अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री से गिरकर 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
हालांकि इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिले के ग्रामीण इलाकों में खड़ी और कटी हुई गेहूं सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। खेतों में रखी फसल भीगने से किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका है।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आज भी हवाओं का दौर जारी रह सकता है, जिससे मौसम में ठंडक बनी रहने की संभावना है।
