क्रांतिकारियों की मूर्तियां तोड़ने पर आक्रोश, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
Share
उदयपुर, 25 मार्च: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में काकोरी के अमर शहीदों राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान और ठाकुर रोशन सिंह की मूर्तियां तोड़े जाने के विरोध में उदयपुर में आक्रोश जताया गया। शहादत दिवस समारोह समिति ने जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन भेजकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और शहीदों की भव्य मूर्तियां पुनः स्थापित करने की मांग की। समिति के सचिव डी.एस. पालीवाल ने बताया कि भगतसिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस पर मूर्तियां तोड़कर कचरे में फेंकना पूरे देश के लिए आहत करने वाला है। पीयूसीएल के अरुण व्यास और जनतांत्रिक अधिकार सुरक्षा संगठन के समीर बैनर्जी ने इसे क्रांतिकारियों के सम्मान पर हमला बताते हुए कड़ी निंदा की। प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल रहे।
