तीन दिन बाद लेपर्ड का आतंक खत्म, पिंजरे में कैद
Share
उदयपुर, 25 मार्च: शहर के पास भल्लो का गुड़ा क्षेत्र में कई दिनों से दहशत फैला रहा लेपर्ड आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
कुराबड़ मार्ग स्थित गांव में लेपर्ड का लगातार मूवमेंट देखा जा रहा था। रात के समय वह बस्ती के पास आकर पशुओं का शिकार कर रहा था, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया था और लोग शाम के बाद घरों से निकलने से बच रहे थे। लगातार शिकायतों के बाद वन विभाग ने तीन दिन पहले पिंजरा लगाया था। बुधवार सुबह पिंजरे से आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो लेपर्ड उसमें फंसा मिला। वनपाल रीना कुंवर के नेतृत्व में टीम ने उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क पहुंचाया। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
