बांसवाड़ा में कंटेनर-बोलेरो भिड़ंत, चाचा-भतीजे की मौत
Share
बांसवाड़ा, 25 मार्च: जालोर-बांसवाड़ा नेशनल हाईवे (NH-56) पर मंगलवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई। कंटेनर और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। दोनों करीब आधे घंटे तक गाड़ी में फंसे मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन समय पर राहत नहीं मिलने से उनकी जान नहीं बच सकी।
थानाधिकारी धनपत सिंह के अनुसार मांडली छोटी निवासी 30 वर्षीय बसु अपने भतीजे 25 वर्षीय कन्हैयालाल के साथ बोलेरो की सर्विस करवाकर लौट रहे थे। सज्जनगढ़ क्षेत्र के काला खूंटा गांव के पास सामने से आ रहे कंटेनर से टक्कर हो गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बसु सूरत में कंस्ट्रक्शन कार्य करते थे और होली मनाने घर आए थे। उनके तीन बेटियां और एक बेटा है, जबकि कन्हैयालाल अविवाहित था। घटना से परिवार में शोक छा गया।
दो बाइक की टक्कर में बुजुर्ग की मौत, तीन घायल
प्रतापगढ़ जिले में नीमच-छोटी सादड़ी स्टेट हाईवे पर बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नाराणी चौकी के पास पेट्रोल पंप के निकट हुआ, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। नाराणी निवासी शंकरलाल कुमावत अपनी पत्नी गौरी बाई के साथ छोटी सादड़ी जा रहे थे, तभी सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर में शंकरलाल करीब 30 फीट दूर जा गिरे। सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शंकरलाल को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को गंभीर हालत में उदयपुर और चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
