बच्चे ने निगल लिया सिक्का, सांस लेने में दिक्कत; 15 मिनट के ऑपरेशन से बची जान
Share
समय पर अस्पताल पहुंचने से टली बड़ी अनहोनी, डॉक्टरों ने दूरबीन से निकाला सिक्का
बांसवाड़ा, 27 मार्च: बांसवाड़ा के एमजी हॉस्पिटल में एक 6 वर्षीय बच्चे की जान समय पर उपचार से बच गई। गुरुवार शाम खेलते समय बच्चे ने सिक्का निगल लिया, जो गले में फंस गया। इसके बाद उसे सांस लेने में तकलीफ होने लगी, जिस पर परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।

डॉ. संदीप जोशी के अनुसार रात करीब 9:45 बजे ऑपरेशन शुरू किया गया। पहले बच्चे को बेहोश किया गया, जो इस तरह के मामलों में सबसे जोखिम भरा चरण होता है। इसके बाद मुंह के रास्ते पतली दूरबीन (एंडोस्कोपी) आहार नली में डाली गई और कैमरे की मदद से सिक्के की स्थिति का पता लगाया गया।
विशेष उपकरण की सहायता से सिक्के को सावधानीपूर्वक पकड़कर बाहर निकाला गया। पूरी प्रक्रिया करीब 15 मिनट में सफलतापूर्वक पूरी हुई। ऑपरेशन के दौरान बच्चे की सांस और हार्टबीट पर लगातार निगरानी रखी गई। समय पर इलाज मिलने से बच्चे की हालत अब पूरी तरह सामान्य है और उसे खतरे से बाहर बताया गया है।
