LOADING

Type to search

शादी से लौट रहे युवक की तलवार से हत्या, गांव में तनाव

Local

शादी से लौट रहे युवक की तलवार से हत्या, गांव में तनाव

Share

पुरानी रंजिश में 6-7 युवकों ने किया हमला, तीन थानों की पुलिस तैनात
उदयपुर, 31 मार्च:
जिले के पहाड़ा थाना क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे युवक की तलवार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। सोमवार देर रात करीब 2 बजे खेड़ाघाटी (बलीचा) में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार मृतक नीलेश गरासिया (35) अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होकर स्कूटी से घर लौट रहा था। उसके साथ उसका भाई नरेश भी था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे 6-7 बदमाशों ने रास्ते में स्कूटी रुकवाकर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने नीलेश के हाथ, गर्दन और कमर पर वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमले के दौरान नरेश किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। बाद में जब वह ग्रामीणों के साथ वापस लौटा, तब नीलेश लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले शादी समारोह में मौजूद थे और बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात को देखते हुए पहाड़ा, पाटिया और खेरवाड़ा थानों का पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात किया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को खेरवाड़ा अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया है और परिजनों की सहमति के बाद पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *