स्वच्छता से कोई समझौता नहीं, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई: के.के. गुप्ता
Share
खैरथल-तिजारा, 7 अप्रैल: स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के राज्य ब्रांड एम्बेसडर के.के. गुप्ता ने जिला सचिवालय में नगर निकायों व विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर स्वच्छता को हर हाल में धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2014 में शुरू किया गया स्वच्छता अभियान अब जनआंदोलन बन चुका है, जिसे और मजबूत करना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वच्छता कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
निकायों की होगी रैंकिंग, लापरवाहों पर कार्रवाई
गुप्ता ने स्वच्छता कार्यों के आधार पर निकायों को ए, बी, सी और डी श्रेणियों में बांटने की जानकारी दी। जहां बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा, वहीं कमजोर प्रदर्शन करने वाले निकायों पर सख्ती बरती जाएगी।
स्वच्छता के लिए दिए ठोस निर्देश
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, प्लास्टिक पर रोक, सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई, रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था और खाली प्लॉटों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही झील-तालाबों को प्रदूषण मुक्त रखने, सड़कों-नालियों की मरम्मत, बाजारों में सफाई और कचरा फैलाने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। बैठक में विभिन्न नगर निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।
