टैंकर ड्राइवर ने तलवार लहराई, पुलिस पर पथराव
Share
आरटीओ इंस्पेक्टर के सामने हंगामा; गाड़ी के कांच फूटे, हाईवे पर लगा जाम
डूंगरपुर, 9 अप्रैल: जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर एक टैंकर ड्राइवर ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। ड्राइवर ने बीच सड़क पर टैंकर खड़ा कर तलवार लहराई और मौके पर पहुंची पुलिस व आरटीओ टीम पर पथराव कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
आरटीओ इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को वे हाईवे पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उदयपुर की ओर से आ रहे एक टैंकर के ड्राइवर ने नशे की हालत में वाहन को बीच सड़क पर रोक दिया और हंगामा करने लगा। वह टैंकर से उतरकर तलवार लहराने लगा, जिससे हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।
सूचना पर बिछीवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ड्राइवर के साथ मौजूद अन्य लोगों ने पुलिस और आरटीओ टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान आरटीओ इंस्पेक्टर की गाड़ी के कांच फूट गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और आरटीओ टीम को मौके से हटना पड़ा।
पीछा कर आरोपी को दबोचा
कुछ देर बाद अतिरिक्त पुलिस बल के साथ टीम वापस पहुंची, लेकिन तब तक ड्राइवर टैंकर लेकर फरार हो चुका था। पुलिस और आरटीओ टीम ने पीछा करते हुए उसे रतनपुर बॉर्डर से पहले पकड़ लिया और बिछीवाड़ा थाने ले आए। आरटीओ इंस्पेक्टर की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तलवार लहराकर धमकाने, पथराव करने और राजकार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
