अटल जी को सात्विक आहार देने वाली टीम अब उदयपुर में, आज होगा विशेष स्वास्थ्य शिविर
Share
सूरत के विशेषज्ञ कालू भाई सावालिया की अगुवाई में निःशुल्क सात्विक फूड वर्कशॉप, बिना आग के व्यंजन और स्वस्थ जीवनशैली के बताए जाएंगे सूत्र
उदयपुर, 16 अप्रैल: देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सात्विक आहार के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने वाली विशेषज्ञ टीम अब उदयपुर में स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देने पहुंच रही है। सूरत के प्रसिद्ध सात्विक आहार विशेषज्ञ कालू भाई सावालिया के नेतृत्व में 17 अप्रैल को शहर में एक निःशुल्क सात्विक फूड वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। यह कार्यशाला शोभागपुरा स्थित समाग्रम इको पिरामिड में होगी, जहां लोगों को प्राकृतिक आहार और संतुलित जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. निहाल जैन ने बताया कि इस कार्यशाला की सबसे खास बात यह होगी कि प्रतिभागियों को ‘फ्लेमलेस फूड’, यानी बिना आग के सात्विक व्यंजन तैयार करना सिखाया जाएगा। साथ ही शरीर, मन और आत्मा के संतुलन के लिए आवश्यक प्राकृतिक आहार पद्धति की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यशाला को दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा। पहला सत्र सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दूसरा शाम 4:30 बजे से 7 बजे तक रहेगा।
डॉ. जैन ने बताया कि कालू भाई सावालिया और उनकी टीम ने देशभर में हजारों स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर सात्विक जीवनशैली को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। इस मुहिम से कई लोगों को मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, थायरॉइड, कब्ज, गैस, एसिडिटी, माइग्रेन, अस्थमा, अनिद्रा और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं में राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला केवल खानपान तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का अभियान है। इसका उद्देश्य लोगों को प्राकृतिक आहार के माध्यम से आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के सरल उपाय बताना है। उदयपुर में आयोजित यह पहल शहरवासियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
