अविरल रोटरी सप्ताह में अंगदान-देहदान जागरूकता अभियान
Share
फतेहसागर पर नागरिकों को किया प्रेरित
रोटरी क्लबों की संयुक्त पहल, ‘अंगदान-महादान’ का दिया संदेश
उदयपुर, 16 अप्रैल : अविरल रोटरी सप्ताह के अंतर्गत बुधवार सुबह फतेहसागर की पाल पर अंगदान और देहदान जागरूकता अभियान चलाया गया। रोटरी क्लब उदय, रोटरी क्लब मेवाड़ और रोटरी क्लब उद्यम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से शहरवासियों और पर्यटकों को अंगदान के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी सदस्यों ने मॉर्निंग वॉक पर आए लोगों को पम्पलेट्स वितरित किए और बताया कि एक व्यक्ति के अंगदान से आठ लोगों को नया जीवन मिल सकता है, जबकि देहदान मेडिकल शिक्षा और शोध कार्यों के लिए अत्यंत उपयोगी है। इस अभियान का उद्देश्य समाज में अंगदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना और लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करना था।
असिस्टेंट गवर्नर राजेश चुग ने कहा कि आज भी अंगदान के प्रति जागरूकता की कमी है। रोटरी क्लब समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए इस तरह के जनहितकारी अभियान चला रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग अंगदान का संकल्प लें।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब उदय के अध्यक्ष राघव भटनागर, रोटरी क्लब मेवाड़ के अध्यक्ष मनीष गन्ना और रोटरी क्लब उद्यम के अध्यक्ष वैभव शर्मा सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। सदस्यों ने आमजन की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए अंगदान और देहदान की प्रक्रिया संबंधी जानकारी भी दी।
अभियान के अंत में क्लब पदाधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे ‘अंगदान-महादान’ जैसी मानव सेवा की मुहिम से जुड़कर जरूरतमंदों के जीवन में आशा का संचार करें। रोटरी की इस पहल को लोगों ने सराहा और इसे समाजहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
