जयपुर के प्रियांश तंवर ने जीते दो खिताब
Share
इंडसिंह बारहठ स्मृति जूनियर लॉन टेनिस प्रतियोगिता सम्पन्न
उदयपुर, 16 अप्रैल: राजस्थान कृषि महाविद्यालय एवं सुखाड़िया विश्वविद्यालय के टेनिस कोर्ट पर आयोजित इंडसिंह बारहठ स्मृति राजस्थान स्टेट जूनियर लॉन टेनिस प्रतियोगिता का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। पांच दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने खेल कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता के आकर्षण का केंद्र जयपुर के प्रियांश तंवर रहे, जिन्होंने अंडर-18 वर्ग में सिंगल्स और डबल्स दोनों खिताब जीतकर डबल जीत दर्ज की।
अंडर-18 सिंगल्स फाइनल में प्रियांश ने उदयपुर के हर्षिल मेवाड़ा को 7-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं डबल्स मुकाबले में प्रियांश और नव्य भट्ट की जोड़ी ने हर्षिल और कुनाल की जोड़ी को 6-2 से हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
अन्य मुकाबलों में अंडर-16 वर्ग में अर्जव जैन ने श्रेयांश अग्रवाल को 6-3 से हराया। अंडर-14 में भी अर्जव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य शर्मा को 6-1 से पराजित किया। अंडर-12 वर्ग में दिव्यराज सिंह ने लक्ष्य शर्मा को 6-4 से हराया, जबकि अंडर-10 में हनुमानगढ़ के राघव ने उदयपुर के जयवर्धन को 6-2 से मात दी।
अंतर जिला टीम प्रतियोगिता में पाली ने उदयपुर को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की। बालिका वर्ग में अंडर-18 में प्रिया, अंडर-16 में यंग्या वर्मा, अंडर-14 में वंशिका तथा अंडर-12 में यशस्वी विजेता रहीं।
राजस्थान टेनिस संघ के उपाध्यक्ष एवं आयोजन सचिव डॉ. दीपांकर चक्रवर्ती ने बताया कि सभी विजेताओं और उपविजेताओं को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही राज्य क्रीड़ा परिषद जयपुर की ओर से भी खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिता ने राज्य को कई नए प्रतिभाशाली टेनिस खिलाड़ी दिए हैं।
