LOADING

Type to search

उदयपुर की पहली एलिवेटेड रोड परियोजना तय समय से पिछड़ी

Local

उदयपुर की पहली एलिवेटेड रोड परियोजना तय समय से पिछड़ी

Share

16 महीनों में केवल 25% काम पूरा, फाउंडेशन बदलाव और मेले के कारण बढ़ी देरी
उदयपुर, 16 अप्रैल:
उदयपुर शहर की पहली एलिवेटेड रोड परियोजना निर्धारित समयसीमा से करीब चार महीने पीछे चल रही है। दिसंबर 2026 तक पूरी होने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का अब तक केवल 25 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है, जबकि इस अवधि में कम से कम 35 से 40 प्रतिशत निर्माण होना चाहिए था। नगर निगम के मेले के दौरान काम रुकना और फाउंडेशन डिजाइन में बदलाव देरी के मुख्य कारण बताए जा रहे हैं।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि अब तक परियोजना के तहत 54 पिलर खड़े किए जा चुके हैं, 32 आड़े बीम लगाए गए हैं और 7 स्पैन की छत भी डाली जा चुकी है। पहले चरण में सिटी स्टेशन से उदियापोल तक पिलर्स खड़े किए गए थे, जबकि अब दूसरे चरण में उदियापोल चौराहे से होटल पारस तक खुदाई और पिलर निर्माण का कार्य अंतिम सप्ताह तक पूरा होने की उम्मीद है।
फाउंडेशन में बदलाव बना बड़ी चुनौती
उदियापोल चौराहे के नीचे नदी पेटा क्षेत्र होने के कारण यहां मजबूत चट्टानें 15 से 20 मीटर गहराई में मिलीं, जबकि पहले पिलर केवल 3 मीटर गहराई तक बनाए जा रहे थे। इस कारण फाउंडेशन की डिजाइन में बदलाव करना पड़ा, जिससे निर्माण की रफ्तार धीमी हो गई।
136 करोड़ की लागत से बन रही 2.7 किमी सड़क
सिटी रेलवे स्टेशन से कोर्ट चौराहे के आगे बंशीपान तक बनने वाली 2.7 किलोमीटर लंबी टू-लेन एलिवेटेड रोड पर 136.89 करोड़ रुपए खर्च होंगे। परियोजना में करीब 100 से 102 पिलर लगाए जाएंगे। इसका निर्माण कार्य दिसंबर 2024 में शुरू हुआ था।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
एलिवेटेड रोड का रूट सिटी स्टेशन, उदियापोल, सूरजपोल, टाउनहॉल रोड, देहलीगेट, कोर्ट चौराहा होते हुए बंशीपान तक रहेगा। इसके पूरा होने से शहर के सबसे व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक दबाव कम होगा और आवागमन सुगम बनेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *