टीडी में छात्राओं ने बुलंद की नशा मुक्ति की आवाज
Share
जागरूकता रैली निकाल ग्रामीणों को दिया ‘नशा मुक्त भारत’ का संदेश
उदयपुर, 20 अप्रैल: ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को गिर्वा क्षेत्र के टीडी स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर नशे के खिलाफ जोरदार संदेश दिया। आरोग्य सेवा संस्थान द्वारा संचालित आरोग्य जिला नशा मुक्ति केंद्र एवं विद्यालय प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में छात्राओं ने नारों और संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य माधवी त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद छात्राओं की रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर टीडी के प्रमुख मार्गों से गुजरी। हाथों में नशा मुक्ति संबंधी तख्तियां लिए छात्राओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ जैसे संदेश दिए। रैली के दौरान ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया गया तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।
इस आयोजन को सफल बनाने में आरोग्य सेवा संस्थान और विद्यालय प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर जोगेंद्र सिंह चौहान, विजयपाल सिंह सिसोदिया, प्रोजेक्ट मैनेजर नारायण सिंह राणावत, सुदर्शन सिंह, हर्षवर्धन सिंह एवं सागर बिलोची ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने छात्राओं के उत्साह की सराहना करते हुए ऐसे अभियानों को समाज हित में आवश्यक बताया।
रैली के समापन पर आउटरीच वर्कर सागर बिलोची ने छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को नशामुक्त जीवन जीने तथा समाज को इस बुराई से मुक्त करने की शपथ दिलाई। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना जगाने के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
