निःशुल्क भोजन वितरण सेवा संस्थान का स्थापना दिवस 10 मई को
Share
‘मेवाड़ गौरव’ सम्मान से प्रतिभाओं का अभिनंदन, शहीदों को समर्पित रहेगा सेवाकार्य
उदयपुर, 20 अप्रैल: समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय निःशुल्क भोजन वितरण सेवा संस्थान अपना आठवां स्थापना दिवस 10 मई 2026 को मनाएगा। महाराणा भूपाल चिकित्सालय परिसर में आयोजित होने वाले इस समारोह में मेवाड़ क्षेत्र की प्रतिभाओं को ‘मेवाड़ गौरव’ सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही वर्षभर के सेवा कार्य देश के शहीदों को समर्पित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर संस्थान के पदाधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
संस्थान के प्रदेशाध्यक्ष केदारनाथ दाधीच ने बताया कि संस्था 28 अप्रैल 2019 से लगातार समाजसेवा के कार्यों में जुटी हुई है। विशेष रूप से महाराणा भूपाल चिकित्सालय परिसर में प्रतिदिन मरीजों और उनके परिजनों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस सेवा कार्य से बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को राहत मिल रही है। संस्था का उद्देश्य अस्पताल में आने वाले आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों एवं उनके परिजनों को भोजन की चिंता से मुक्त करना है।
हाल ही में संस्थान की बैठक संरक्षक शंकर लाल तेजवानी एवं जिलाध्यक्ष राजकुमार सचदेव की उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्थापना दिवस समारोह महाराणा भूपाल चिकित्सालय परिसर में ब्लड बैंक के पास पार्किंग क्षेत्र के खुले प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम 10 मई को दोपहर 4 बजे शुरू होगा, जिसमें संस्थान के सदस्य, समाजसेवी और आमजन भाग लेंगे।
समारोह में सेवा कार्यों को राष्ट्रसेवा से जोड़ते हुए वर्ष 2025-26 की सेवाएं शहीदों के नाम समर्पित की जाएंगी। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को ‘मेवाड़ गौरव’ सम्मान प्रदान किया जाएगा। संस्थान ने आमजन से कार्यक्रम में भाग लेकर सेवा कार्यों को मजबूत बनाने की अपील की है।
