LOADING

Type to search

भीषण गर्मी में राहत की मांग, ग्रीष्मावकाश कटौती वापस लेने की अपील

Local

भीषण गर्मी में राहत की मांग, ग्रीष्मावकाश कटौती वापस लेने की अपील

Share

राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील ने स्कूल समय 7 से 11 बजे करने का सुझाव दिया
उदयपुर, 20 अप्रैल
: प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील ने राज्य सरकार से ग्रीष्मकालीन अवकाश में की गई कटौती को वापस लेने और विद्यालयों के समय में बदलाव करने की मांग की है। संघ का कहना है कि मौजूदा तापमान विद्यार्थियों, विशेषकर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन रहा है, ऐसे में सरकार को छात्रहित में तुरंत निर्णय लेना चाहिए।
संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष लच्छी राम गुर्जर ने शिक्षा मंत्री से आग्रह किया है कि आगामी गर्मी की छुट्टियों में जो कटौती की गई है, उसे विद्यार्थियों और शिक्षकों के हित में निरस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और दोपहर के समय स्कूल संचालन बच्चों के लिए कष्टदायक साबित हो रहा है।
गुर्जर ने सुझाव दिया कि विद्यालयों का समय सुबह 7 बजे से 11 बजे तक निर्धारित किया जाए, ताकि बच्चे तेज धूप और गर्म हवाओं से बच सकें। उनका कहना है कि विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में अध्ययनरत छोटे बच्चे 3 से 5 किलोमीटर तक पैदल चलकर विद्यालय पहुंचते हैं। तेज गर्मी के बीच यह सफर बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
संघ ने सरकार से मांग की है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अवकाश कटौती का निर्णय वापस लिया जाए। साथ ही विद्यालय समय में अस्थायी परिवर्तन कर बच्चों को राहत दी जाए। शिक्षक संघ का मानना है कि यह कदम न केवल बच्चों को गर्मी से बचाएगा बल्कि शिक्षण व्यवस्था को भी अधिक सुचारु बनाएगा। अब देखना होगा कि सरकार इस मांग पर क्या निर्णय लेती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *