सांवलियाजी मंदिर भंडार से अब तक 27.22 करोड़ की नगदी प्राप्त
Share
तीसरे चरण की गिनती में निकले 9.60 करोड़ रुपए, चौथे चरण की गणना आज होगी
विवेक शर्मा, मंडफिया, 20 अप्रैल: भगवान श्री सांवलियाजी सेठ मंडफिया मंदिर के भंडार से प्राप्त चढ़ावे की गिनती लगातार जारी है। सोमवार को तीसरे चरण की गिनती मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव की उपस्थिति में सम्पन्न हुई, जिसमें भंडार से 9 करोड़ 60 लाख 61 हजार 500 रुपए नगद प्राप्त हुए। तीन चरणों की कुल गिनती मिलाकर अब तक मंदिर भंडार से 27 करोड़ 22 लाख 86 हजार रुपए की नगदी प्राप्त हो चुकी है। चौथे चरण की गिनती मंगलवार को की जाएगी।
मंदिर प्रशासन के अनुसार 16 अप्रैल चतुर्दशी को मंदिर के भंडार खोले गए थे। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से दानराशि की गणना की जा रही है। पहले और दूसरे चरण में कुल 17 करोड़ 62 लाख 24 हजार 500 रुपए की नगदी प्राप्त हुई थी, जबकि तीसरे चरण में 9 करोड़ 60 लाख 61 हजार 500 रुपए निकले। इस तरह तीन चरणों में कुल 27 करोड़ 22 लाख 86 हजार रुपए का चढ़ावा सामने आया है।
भंडार गिनती की प्रक्रिया मंदिर परिसर में सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ पूरी की जा रही है। मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव स्वयं गिनती प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। उनके साथ मंदिर बोर्ड सदस्य पवन तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र सिंह, संपदा प्रभारी भेरूगिरी गोस्वामी सहित मंदिर मंडल और विभिन्न बैंकों के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
श्री सांवलियाजी मंदिर राजस्थान के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल है, जहां प्रतिमाह करोड़ों रुपए का चढ़ावा आता है। भंडार से प्राप्त राशि का उपयोग मंदिर विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा धार्मिक कार्यों में किया जाता है। अब श्रद्धालुओं की नजर चौथे चरण की गिनती पर टिकी है, जिसमें नगदी राशि और बढ़ने की संभावना है।
