LOADING

Type to search

स्कूल में हैंडबॉल पोल गिरने से 8 वर्षीय छात्र की मौत, इकलौते बेटे का शव देख पिता बेसुध

Local

स्कूल में हैंडबॉल पोल गिरने से 8 वर्षीय छात्र की मौत, इकलौते बेटे का शव देख पिता बेसुध

Share

उदयपुर के निजी स्कूल में खेल के दौरान हादसा; परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया, स्कूल प्रबंधन से तीखी बहस
उदयपुर, 20 अप्रैल:
शहर के गोवर्धन विलास क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में सोमवार को दर्दनाक हादसे में तीसरी कक्षा के 8 वर्षीय छात्र की हैंडबॉल पोल गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद स्कूल परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। इकलौते बेटे की हालत देखकर पिता बेसुध हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कर उपचार देना पड़ा। घटना के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
पुलिस के अनुसार महर्थ राजसिंह (8) पुत्र देवेन्द्र पाल सिंह चौहान, गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के सेंट एंथोनी स्कूल में तीसरी कक्षा का छात्र था। सोमवार दोपहर गेम्स पीरियड के दौरान वह मैदान में लगे हैंडबॉल पोल पर लटक रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से पोल सीधे उसके सिर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूल स्टाफ उसे तत्काल एमबी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान दोपहर करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई।
थानाधिकारी राजेंद्र सिंह चारण ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। बच्चे के पिता देवेन्द्र पाल सिंह अस्पताल पहुंचे तो बेटे की हालत देखकर बेसुध हो गए। वहीं परिवार को देर तक बच्चे की मौत की जानकारी नहीं दी गई।
स्कूल प्रिंसिपल विलियम डिसूजा ने बताया कि घटना गेम्स पीरियड के दौरान हुई। पोल सेल्फ-स्टैंड पर था और तीन बच्चे उस पर लटक रहे थे, तभी वह गिर गया। स्कूल स्टाफ ने तुरंत बच्चे को अस्पताल पहुंचाया और सीपीआर भी दिया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
घटना के बाद अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों और करणी सेना पदाधिकारियों ने स्कूल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बाद में समझौते के बाद परिजन शाम को बच्चे का शव लेकर पैतृक गांव उम्बाडा (बांसवाड़ा) के लिए रवाना हुए। घटना ने स्कूलों में खेल उपकरणों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *