LOADING

Type to search

गर्मी में मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, कुल्फी-फ्रोजन डेजर्ट के नमूने लिए

Local

गर्मी में मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, कुल्फी-फ्रोजन डेजर्ट के नमूने लिए

Share

‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत दो प्रतिष्ठानों पर अनियमितताएं मिलीं, सुधार नोटिस जारी होंगे
उदयपुर, 22 अप्रैल
: गर्मी और शादी समारोह के मौसम में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिले में चल रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने कुल्फी और फ्रोजन डेजर्ट के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी सामने आई, जिस पर विभाग ने सुधार नोटिस जारी करने की तैयारी की है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार गुप्ता ने शिव कुल्फी, गणेश नगर पायड़ा से कुल्फी तथा श्री बाबा डेयरी, सबसिटी सेंटर से मीडियम फैट फ्रोजन डेजर्ट के नमूने लिए। इन नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों पर फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड नहीं मिले, खाद्य हैंडलर्स की मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी, और पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट भी नहीं पाई गई। विभाग ने इन अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए संबंधित फर्म संचालकों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी करने की बात कही है। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने कहा कि जिले में निरीक्षण और नमूनीकरण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता, गुणवत्ता और खाद्य लाइसेंस संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई है। वहीं आमजन से खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, उपयोग अवधि, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर और निर्माता का पता जांचने को कहा गया है। मिलावट की आशंका होने पर नागरिक कंट्रोल रूम या सुगम पोर्टल 181 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *