भीड़ से हटकर सोचिए, करियर की राहें हैं अनगिनत
Share
सेमिनार : करियर विशेषज्ञ जितेंद्र सिंह का कहना है अंकों से अधिक कौशल और व्यक्तित्व विकास पर दें ध्यान
उदयपुर, 26 अप्रैल: विद्यार्थियों को केवल अंकों की दौड़ तक सीमित न रहकर कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण पर भी समान ध्यान देना चाहिए। आने वाले समय में सफलता का आधार केवल अंक नहीं, बल्कि क्षमता, कौशल और व्यक्तित्व होगा। यह बात करियर विशेषज्ञ एवं जे.एस. ग्लोबल के संस्थापक जितेंद्र सिंह ने एस.आर.एम. इंटरनेशनल स्कूल, मावली में आयोजित करियर गाइडेंस सेमिनार में कही।
उन्होंने कहा कि तकनीकी विकास के इस दौर में विद्यार्थियों के सामने करियर के हजारों नए अवसर उपलब्ध हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में विद्यार्थी और अभिभावक अब भी पारंपरिक विकल्पों तक सीमित हैं। इससे कई बार विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप सफलता हासिल नहीं कर पाते।
जितेंद्र सिंह ने बताया कि आज करियर केवल विज्ञान, इंजीनियरिंग और चिकित्सा तक सीमित नहीं है, बल्कि वाणिज्य, कृषि, व्यवसाय और मानविकी जैसे क्षेत्रों में भी अनेक संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, बायोटेक्नोलॉजी, सस्टेनेबल एनर्जी, पर्यावरण विज्ञान और हेल्थकेयर जैसे उभरते क्षेत्रों की जानकारी देते हुए बताया कि भविष्य में इन क्षेत्रों में विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ेगी।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि करियर चयन के समय बच्चों की रुचि, योग्यता, प्रवृत्ति और भावनात्मक बुद्धिमत्ता को प्राथमिकता दें। केवल परंपरागत सोच के आधार पर निर्णय लेना विद्यार्थियों के भविष्य के लिए उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि करियर चयन को लेकर किसी प्रकार की दुविधा हो तो विशेषज्ञ करियर काउंसलर की सलाह लेना बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। सही मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।
