शराब के पैसों के विवाद में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
Share
निंबाहेड़ा पुलिस ने 24 घंटे में किया हत्याकांड का खुलासा
निंबाहेड़ा, 26 अप्रैल: निंबाहेड़ा कोतवाली थाना पुलिस ने शराब के पैसों को लेकर हुई हत्या के मामले का 24 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ने शराब पिलाने के बाद पैसों के विवाद में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि बरखेड़ा निवासी देवकिशन भील ने रिपोर्ट दी थी कि 23 अप्रैल को उसके पिता बगदीराम भील के साथ श्यामलाल भील और मोतीलाल भील पानी की खाल के पास मारपीट कर रहे थे। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा तो पिता गंभीर हालत में पड़े थे, जबकि दोनों आरोपी लठ और पत्थर लेकर भाग रहे थे।
घायल बगदीराम को तुरंत निंबाहेड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीआई रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित जांच करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने बगदीराम को सुनसान स्थान पर शराब पिलाई थी। बाद में शराब के पैसों को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद लठ और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में एएसआई जुल्फकार खान, हेड कॉन्स्टेबल हरविंदर सिंह और टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
