LOADING

Type to search

शहर में आधी शादियां ‘अवैध’ वाटिकाओं के भरोसे

Local

शहर में आधी शादियां ‘अवैध’ वाटिकाओं के भरोसे

Share

उदयपुर की 142 में से 69 मैरिज गार्डन बिना लाइसेंस संचालित, शादी सीजन में बढ़ी चिंता
उदयपुर, 30 अप्रैल:
शादी-विवाह के सीजन में जहां परिवार खुशियों की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं उदयपुर शहर की बड़ी संख्या में मैरिज वाटिकाएं बिना वैध लाइसेंस के संचालित होने का खुलासा चिंता बढ़ाने वाला है। नगर निगम के रिकॉर्ड बताते हैं कि शहर की 142 वाटिकाओं में से 69 ऐसी हैं, जो बिना लाइसेंस चल रही हैं। यानी शहर में लगभग हर दूसरी शादी ऐसे परिसरों में हो रही है, जिनकी वैधता पर सवाल खड़े हैं। ऐसे में किसी भी समय प्रशासनिक कार्रवाई होने पर शादी समारोह प्रभावित हो सकते हैं।
नियम पूरे नहीं, फिर भी धड़ल्ले से बुकिंग
नगर निगम के अनुसार केवल 56 वाटिकाओं के पास वैध लाइसेंस है, जबकि 17 के आवेदन लंबित हैं। बाकी 69 वाटिकाएं नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रही हैं। नियमानुसार लाइसेंस के लिए वाटिका के बाहर कम से कम 60 फीट चौड़ी सड़क होना जरूरी है, लेकिन कई प्रमुख वाटिकाएं 30 से 40 फीट सड़क वाले क्षेत्रों में बनी हुई हैं। लाइसेंस नहीं मिलने के बावजूद इन स्थानों पर खुलेआम बुकिंग जारी है।
निगम की ढिलाई से बढ़ा जोखिम
स्थिति यह है कि निगम अवैध संचालन पर सिर्फ नोटिस देकर औपचारिकता निभा रहा है। कार्रवाई नहीं होने से संचालकों के हौसले बुलंद हैं और आयोजकों की बुकिंग जारी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि ऐन मौके पर कोई वाटिका सीज हुई तो जिम्मेदारी किसकी होगी? फिलहाल शहर की खुशियां नियमों से ज्यादा किस्मत के भरोसे नजर आ रही हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *