नाश्ते के बहाने बुलाकर सर्राफा व्यापारी से लूट, 4 आरोपी गिरफ्तार
Share
नकली व्यापारी बनकर रची साजिश
राजसमंद, 1 मई: देलवाड़ा थाना क्षेत्र में आगरा के सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने व्यापारी को नाथद्वारा बुलाकर नाश्ते के बहाने सुनसान इलाके में ले जाकर चांदी की पायल से भरा बैग लूट लिया था।
पुलिस के अनुसार 24 अप्रैल को आगरा निवासी गिरीश चंद्र सैनी और उनके पुत्र को आरोपियों ने सर्राफा व्यापारी बनकर संपर्क किया। नाथद्वारा में दुकान होने का झांसा देकर 4 किलो चांदी की पायल मंगवाई। इसके बाद उन्हें कार में बैठाकर नेगड़िया स्थित प्रेमरतन होटल के पीछे सुनसान स्थान पर ले गए, जहां डराकर बैग छीन लिया।
सीसीटीवी व तकनीकी साक्ष्यों से सुराग
घटना के बाद एसपी हेमंत कलाल के निर्देशन में टीम गठित कर नाकाबंदी की गई। सीसीटीवी फुटेज और टोल नाकों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जयपुर से गिरफ्तार किया गया।
माल और कार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 किलो चांदी की 30 पायल और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों में राहुल धाकड़ (आगरा), रविंद्र, मोहित और सागर (करौली) शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
