गर्भवती महिला व बेटे पर आवारा कुत्ते का हमला, तीन घायल
Share
बचाने आए नाबालिग भाई को भी काटा, जिला अस्पताल में इलाज जारी
बांसवाड़ा, 2 मई: जिले के कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के टांडी गांव में आवारा कुत्ते के हमले से गर्भवती महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब 25 वर्षीय सुनीता अपने 3 साल के बेटे कार्तिक के साथ घर के बाहर खड़ी थी। अचानक एक कुत्ता उन पर झपट पड़ा और दोनों को शरीर के कई हिस्सों में काट लिया।
शोर सुनकर सुनीता का 15 वर्षीय भाई मांगीलाल उन्हें बचाने दौड़ा, लेकिन कुत्ते ने उस पर भी हमला कर दिया और उसके चेहरे पर काट लिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लाठियों से कुत्ते को भगाया।
परिजनों ने बताया कि सुनीता चार माह की गर्भवती है, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो गई। तीनों घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए महात्मा गांधी जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला और बच्चों के हाथ-पैर व अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म हैं और उनका उपचार जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
