सहेलियों की बाड़ी में गूंजेंगे ठहाके, आज मनाया जाएगा विश्व हास्य योग दिवस
Share
31 नए लाफ्टर प्रयोग और मेवाड़ी गीतों पर थिरकेंगे प्रतिभागी, लाफ्टर परेड से दिया संदेश
उदयपुर, 2 मई: विश्व हास्य योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह 7 बजे सहेलियों की बाड़ी में भव्य हास्य योग महोत्सव आयोजित होगा। यह आयोजन आलोक संस्थान, आलोक इंटरैक्ट क्लब सहित 21 सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम का नेतृत्व विश्व रिकॉर्डधारी हास्य योग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप कुमावत करेंगे।
कार्यक्रम संयोजक वैद्य डॉ. शोभालाल ऑदिच्य ने बताया कि डॉ. कुमावत द्वारा विकसित हास्य योग के 1000 से अधिक प्रयोग अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुके हैं। इस अवसर पर वे पहली बार 31 नए लाफ्टर प्रयोग प्रस्तुत करेंगे। हर पांच प्रयोगों के बाद संगीतमय प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें प्रतिभागी मेवाड़ी गीतों पर नृत्य करते नजर आएंगे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले 15 व्यक्तित्वों को “लाफ्टर अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा।
लाफ्टर परेड से दिया तनाव मुक्ति का संदेश
कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर हिरणमगरी क्षेत्र में विद्यार्थियों ने भव्य लाफ्टर परेड निकाली। “हँसो और स्वस्थ रहो” जैसे नारों के साथ निकली इस रैली ने लोगों को तनावमुक्त जीवन का संदेश दिया और कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया। परेड का शुभारंभ शहर विधायक ताराचंद जैन ने किया। उन्होंने कहा कि हास्य योग आज के तनावपूर्ण जीवन में स्वास्थ्य के लिए बेहद उपयोगी है। आयोजन में प्रवेश निशुल्क रहेगा।
