देवास परियोजना और बागोलिया फीडर कार्य का किया निरीक्षण
Share
मुख्य अभियंता ने दिए गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश
उदयपुर, 6 मई: जल संसाधन विभाग जयपुर के मुख्य अभियंता अमरजीत सिंह मेहरडा ने बुधवार को देवास परियोजना के अंतर्गत सुरंग निर्माण और बागोलिया फीडर कार्य का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आर.डी. 11200 मीटर पर चल रहे कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्थाओं और निर्माण की गति पर विस्तार से चर्चा की तथा अधिकारियों को तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्य अभियंता ने देवास परियोजना के तहत बन रही सुरंगों में उपयोग हो रही तकनीक, मशीनरी संचालन और सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की। इस परियोजना में 10.500 किलोमीटर और 4.500 किलोमीटर लंबाई की दो सुरंगों का निर्माण प्रस्तावित है। परियोजना पूरी होने पर उदयपुर शहर को पेयजल के लिए लगभग 1000 एमसीएफटी अतिरिक्त पानी उपलब्ध होगा, जिससे भविष्य की जल आवश्यकता को पूरा करने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही मेहरडा ने बागोलिया फीडर निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने और भूमि अवाप्ति से जुड़े मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। इस फीडर की कुल लंबाई 27.615 किलोमीटर होगी, जिसके माध्यम से वर्षा ऋतु में उदयसागर बांध से करीब 180 एमसीएफटी अतिरिक्त पानी का अपवर्तन किया जाएगा।
परियोजना के पूर्ण होने पर 17 से अधिक गांवों की लगभग 3676 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को बड़ा लाभ होगा। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
