LOADING

Type to search

स्कूलों में महाराणा प्रताप जयंती की ऐतिहासिक पहल

socal

स्कूलों में महाराणा प्रताप जयंती की ऐतिहासिक पहल

Share

दो दिवसीय “राष्ट्र स्वाभिमान दिवस” समारोह का भव्य शुभारंभ
उदयपुर, 8 मई।
राष्ट्र गौरव, इतिहास चेतना और स्वाभिमान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आलोक संस्थान की ओर से आयोजित दो दिवसीय “राष्ट्र स्वाभिमान दिवस” समारोह का शुक्रवार को फतेहपुरा स्थित प्रदीपम सभागार में भव्य शुभारंभ हुआ। समारोह में महाराणा प्रताप के आदर्शों, त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षाविद एवं आलोक संस्थान के निदेशक डॉ. प्रदीप कुमावत थे। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन केवल इतिहास नहीं, बल्कि राष्ट्र स्वाभिमान की जीवंत प्रेरणा है। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप जयंती को “राष्ट्रीय स्वाभिमान दिवस” घोषित किया जाना चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सके।
15 वर्ष पूर्व शुरू हुई थी पहल
संस्थान के प्रशासक निश्चय कुमावत ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले विद्यालयों में महाराणा प्रताप जयंती मनाने की जो पहल शुरू की गई थी, वह अब जनआंदोलन का रूप लेती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि संस्थान निरंतर विद्यार्थियों में इतिहास चेतना और राष्ट्र गौरव की भावना विकसित करने के लिए रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करता रहा है।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का उत्साह
समारोह के अंतर्गत महाराणा प्रताप विषयक जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जूनियर वर्ग में खुशवंत सिंह ने प्रथम, दीक्षिता सुथार ने द्वितीय और दिशा कुमावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में औरिशा जैन प्रथम रहीं।
महाराणा प्रताप के जीवन पर आधारित पाठ्यपुस्तक का उल्लेख
डॉ. कुमावत ने अपने संबोधन में महाराणा प्रताप पर आधारित फिल्म निर्माण के दौरान आई चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि संघर्ष और धैर्य ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए तैयार की गई महाराणा प्रताप के जीवन पर आधारित विशेष पाठ्यपुस्तक की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन सुनील जैन ने किया, जबकि अंत में विद्यालय प्राचार्य वीरेंद्र पालीवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *