आचार्य पुलक सागर के अवतरण दिवस पर भक्ति और सेवा का संगम
Share
त्रिदिवसीय आयोजन का शुभारंभ, रक्तदान शिविर में 50 यूनिट रक्त संग्रह
उदयपुर, 9 मई: आचार्य पुलक सागर के 56वें अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में उदयपुर में श्रद्धा, सेवा और धार्मिक उल्लास से ओतप्रोत त्रिदिवसीय कार्यक्रम श्रृंखला का भव्य आगाज हुआ। पुलक मंच परिवार उदयपुर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में समाजजन और धर्मप्रेमी शामिल हुए।
पुलक मंच परिवार के अध्यक्ष विनोद फान्दोत ने बताया कि आयोजन की शुरुआत विशाल रक्तदान शिविर से हुई, जिसका आयोजन सरल ब्लड बैंक में किया गया। शिविर में युवाओं, महिलाओं और समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए करीब 50 यूनिट रक्तदान किया। आयोजन के माध्यम से गुरु भक्ति के साथ मानव सेवा का संदेश भी दिया गया।
महामंत्री प्रकाश सिंघवी ने बताया कि शिविर का संचालन संयोजक पन्नालाल बोहरा एवं दिपेश कड़वावत के निर्देशन में हुआ। इस दौरान रक्तदाताओं का सम्मान भी किया गया।
10 मई को होगी भव्य भक्तिसंध्या
कार्यक्रम श्रृंखला के अगले चरण में 10 मई को सर्वऋतु विलास जिनालय में भव्य भक्तिसंध्या आयोजित की जाएगी। संयोजक राजेन्द्र चित्तौड़ा ने बताया कि इसमें धार्मिक तम्बोला, भक्ति गीत, गुरु महिमा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
इसके बाद 11 मई को महावीर जिनालय, सर्वऋतु विलास में सुबह 7 बजे से “पुलक सिंधु विधान” का संगीतमय आयोजन होगा। कार्यक्रम में अभिषेक, शांतिधारा और गुरु पूजन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
