LOADING

Type to search

भीषण गर्मी में पावर ट्रांसफार्मर फटा, एक घंटे तक धधकती रही आग

Local

भीषण गर्मी में पावर ट्रांसफार्मर फटा, एक घंटे तक धधकती रही आग

Share

बिछड़ी-जिंक क्षेत्र की बिजली सप्लाई ठप, दमकल और निगम कर्मियों ने संभाला मोर्चा
उदयपुर, 10 मई:
उदयपुर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी के बीच शनिवार दोपहर बिजली निगम के पावर ट्रांसफार्मर में जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिसके बाद देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, वहीं सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
दोपहर सवा तीन बजे हुआ धमाका
घटना पावरहाउस-कुराबड़ रोड स्थित बिछड़ी 33/11 केवी जीएसएस की है। कर्मचारियों के अनुसार दोपहर करीब सवा तीन बजे तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। मौके पर देखा तो पावर ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट के बाद आग भड़क चुकी थी। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद हिंदुस्तान जिंक फायर स्टेशन को सूचना दी गई।
एक घंटे बाद बुझी आग
करीब दस मिनट में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गईं। शाम सवा चार बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। मौके पर एईएन विजय मेघवाल, जेईएन गीतांजलि और लाइनमैन पुष्कर पटेल सहित निगम का स्टाफ मौजूद रहा। प्रारंभिक जांच में भीषण गर्मी को ब्लास्ट का कारण माना जा रहा है। हादसे के बाद बिछड़ी, जिंक क्षेत्र, भल्लों का गुड़ा सहित आसपास के इलाकों की बिजली सप्लाई बंद हो गई। निगम ने नया ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य शुरू कर दिया है।
सुबह से ही झुलसा रहा उदयपुर
सुबह 7 बजे से ही गर्म हवाओं का असर महसूस होने लगा। दिन चढ़ने के साथ तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। कई क्षेत्रों में छतों पर रखी पानी की टंकियों का पानी उबलने जैसी स्थिति में पहुंच गया। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में कैद नजर आए। मौसम विभाग ने अगले दो दिन और तेज गर्मी का अलर्ट जारी किया है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *