भाजपा नेता हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Share
6 महीने से फरार चल रहा था, आईजी ने 50 हजार इनाम रखा था
चित्तौड़गढ़, 10 मई: भाजपा नेता और व्यापारी रमेश ईनाणी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब छह महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी रमता राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पहले एसपी मनीष त्रिपाठी ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 हजार किया गया। आरोपी का सुराग नहीं मिलने पर उदयपुर रेंज आईजी ने इनामी राशि 50 हजार रुपए कर दी थी।
मामला चित्तौड़गढ़ शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। 11 नवंबर को भाजपा नेता रमेश ईनाणी की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वे स्कूटी से जा रहे थे। घटना के अगले दिन पुलिस ने वाराणसी निवासी शूटर मनीष उर्फ कमल दुबे को गिरफ्तार किया था। इसके बाद भजना राम और मिर्जापुर निवासी अरविंद उर्फ कृपानाथ दुबे को भी पकड़ा गया। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या जमीन विवाद को लेकर सुनियोजित तरीके से करवाई गई थी। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी रमता राम से पूछताछ कर रही है और मामले में कई अहम खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।
