मातृ शक्ति को समर्पित ‘मातृ वंदन’ कार्यक्रम आयोजित
Share
जेएसजी-प्रताप द्वारा मातृ दिवस पर भावनात्मक आयोजन, गीतों और अनुभवों से गूंजा ममता का स्वर
उदयपुर, 11 मई: मातृ दिवस के अवसर पर जैन सोशल ग्रुप प्रताप की ओर से बंजारा हिल्स में “मातृ वंदन” कार्यक्रम का भावपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम फाउंडर प्रेसिडेंट निर्मल पोखरना के सानिध्य में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर सलाहकार आर.के. जैन सहित कार्यक्रम संयोजक कल्पना जैन, रेखा बोहरा, कल्पना लोढ़ा एवं शाह मोनिका नाहर ने माँ पर आधारित विभिन्न थीम प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में सदस्यों ने “माँ के साथ मस्ती”, “माँ की सीख” तथा “माँ के साथ बिताए अनमोल पल” जैसे विषयों पर अपने भावुक अनुभव साझा किए। सभी ने अपनी माताओं से जुड़ी स्मृतियों को साझा कर वातावरण को भावनाओं से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम संयोजकों ने कहा कि “माँ केवल एक शब्द नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है। माँ का स्नेह, त्याग और संस्कार हर व्यक्ति के व्यक्तित्व की नींव होते हैं। मातृ दिवस केवल एक दिन नहीं, बल्कि माँ के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।”
समूह अध्यक्ष सौरभ मेहता ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि माँ का स्थान जीवन में सर्वोपरि है और मातृत्व का सम्मान करना हमारी संस्कृति की पहचान है।
सचिव सुरेन्द्र दोशी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी की सहभागिता से कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं भावनात्मक बन सका।
इस अवसर पर सुधीर दोशी एवं शरद जैन की युगल प्रस्तुति ने माँ पर आधारित मधुर गीतों से पूरे माहौल को ममतामयी बना दिया। गीतों की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी सदस्यों को भावुक कर मातृत्व के प्रति सम्मान एवं प्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सलाहकार आर.के. जैन, अध्यक्ष सौरभ मेहता, उपाध्यक्ष शिशिर बया, सचिव सुरेन्द्र दोशी, कोषाध्यक्ष शरद जैन सहित कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश बोलिया, चेतन प्रकाश जैन, भूपेंद्र बोहरा, रिंकू पटवा, राकेश जैन एवं कुणाल दोषी सहित बड़ी संख्या में दम्पति सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
