LOADING

Type to search

उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर चलती बस में लगी भीषण आग

crime

उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर चलती बस में लगी भीषण आग

Share

40 यात्रियों में मची अफरा-तफरी, इमरजेंसी खिड़की से कूदकर बचाई जान
उदयपुर, 11 मई:
सलूंबर जिले में उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे (NH-48) पर सोमवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। परसाद थाने के सामने 40 यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बस से धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए इमरजेंसी खिड़की से कूदकर बाहर निकलने में ही भलाई समझी। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ। बस उदयपुर से अहमदाबाद जा रही थी। रास्ते में अचानक बस से धुआं निकलने लगा। ड्राइवर और कंडक्टर ने स्थिति भांपते हुए तुरंत बस रोक दी और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
हाईवे पर रुका ट्रैफिक
घटना की सूचना मिलते ही परसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे पर यातायात कुछ देर के लिए रुकवाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।थानाधिकारी नरेश कुमार मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि मामले की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि यदि यात्री समय रहते बस से बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *