राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में भाइयों समेत 3 युवकों की मौत
Share
अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, चार घंटे तक सड़क पर तड़पते रहे युवक
उदयपुर, 11 मई: राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में मौसेरे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद करीब चार घंटे तक तीनों युवक हाईवे पर तड़पते रहे, लेकिन समय पर मदद नहीं मिलने से उनकी जान चली गई। घटना निंबाहेड़ा से करीब 7 किलोमीटर पहले लक्ष्मीपुरा गांव के पास हुई।
निंबाहेड़ा सदर थाना के एएसआई कैलाश शर्मा ने बताया कि रात करीब 3 बजे राहगीरों से हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो तीन युवक सड़क पर गंभीर हालत में पड़े मिले। तीनों के सिर में गंभीर चोटें थीं। एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल निंबाहेड़ा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मजदूरी कर लौट रहे थे घर
हादसे में मध्यप्रदेश के आगर मालवा निवासी गोविंद सिंह (33) पुत्र शंभू सिंह, झालावाड़ निवासी शेर सिंह (30) और धर्मराज (30) की मौत हुई है। गोविंद सिंह और शेर सिंह मौसेरे भाई थे। तीनों युवक पिछले करीब 15 दिनों से निंबाहेड़ा में किराए के कमरे में रहकर मजदूरी कर रहे थे। उन्होंने पास के गांव में पुट्टी का काम लिया हुआ था।
रविवार रात काम पूरा करने के बाद तीनों बाइक से निंबाहेड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मीपुरा गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अस्पताल पहुंचने पर मिली रिश्तेदार की मौत की खबर
गोविंद सिंह के पिता शंभू सिंह ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे उन्हें बेटे के एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। वे तुरंत रिश्तेदारों के साथ निंबाहेड़ा पहुंचे। जिला अस्पताल पहुंचकर पता चला कि गोविंद के साथ उसकी मौसी का बेटा शेर सिंह भी हादसे का शिकार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मृतकों के परिवारों में घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। गोविंद सिंह की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी और उसकी दो बेटियां हैं, जबकि शेर सिंह के एक बेटी है।
