LOADING

Type to search

एक महीने में होंगी राजनीतिक नियुक्तियां: मदन राठौड़

political

एक महीने में होंगी राजनीतिक नियुक्तियां: मदन राठौड़

Share

गहलोत पर साधा निशाना बोले- “100-100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली”
उदयपुर, 12 मई:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में अगले एक महीने के भीतर लंबित राजनीतिक नियुक्तियां कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को अवसर देने की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी। उदयपुर दौरे के दौरान मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राठौड़ ने कई राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर खुलकर बयान दिए।
राजनीतिक नियुक्तियों के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि महिला आयोग, आरटीडीसी, बाल आयोग, ओबीसी आयोग, वक्फ बोर्ड, खेल परिषद, खादी बोर्ड, आवासन मंडल और विभिन्न विकास बोर्डों सहित कई संस्थाओं में पद खाली हैं, जिन्हें जल्द भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही वित्त आयोग, देवनारायण बोर्ड और किसान आयोग में नियुक्तियां कर चुकी है।
नीट पेपर लीक मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेताओं को निशाने पर लेते हुए राठौड़ ने कहा, “100-100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।” उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत सरकार के दौरान 17 पेपर लीक हुए थे, जबकि वर्तमान भजनलाल सरकार में ऐसा कोई मामला नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि नीट मामले में केंद्र सरकार ने तत्काल परीक्षा रद्द कर छात्रों के हित में फैसला लिया।
उदयपुर फाइल्स विवाद पर राठौड़ ने कहा कि मामले में मीडिया ट्रायल नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि एआई के दौर में कुछ भी बनाया जा सकता है और पूरे मामले की जांच पुलिस व कोर्ट को करने दी जानी चाहिए।
उदयपुर भाजपा में गुटबाजी और सोशल मीडिया विवादों पर उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर पर इस मामले का संज्ञान लिया जा चुका है और अब “पत्र बम” की राजनीति नहीं चलेगी।
राठौड़ ने कहा कि भाजपा ने हालिया उपचुनावों में कांग्रेस को “धूल चटाई” है। वहीं स्थानीय निकाय चुनावों में देरी को उन्होंने “वन स्टेट-वन इलेक्शन” की तैयारी से जोड़ा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, विधायक फूलसिंह मीणा और अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *