भविष्य में मिलेगी व्यक्ति विशेष आधारित चिकित्सा: डॉ. कीर्ति कुमार जैन
Share
विज्ञान समिति में डॉ. डी.एस. कोठारी उत्कृष्टता सम्मान-2026 से सम्मानित
उदयपुर, 13 मई : जीबीएच ग्रुप के चेयरमैन और अमेरिका में चिकित्सारत विख्यात कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. कीर्ति कुमार जैन ने कहा कि “प्रिसिजन मेडिसिन” यानी व्यक्ति विशेष आधारित चिकित्सा भविष्य की सबसे क्रांतिकारी स्वास्थ्य प्रणाली बनकर उभर रही है। आने वाले समय में इलाज केवल बीमारी के आधार पर नहीं, बल्कि व्यक्ति की आनुवंशिक संरचना, जीवनशैली और जैविक विशेषताओं के अनुसार तय किया जाएगा।
विज्ञान समिति परिसर में आयोजित समारोह में संबोधित करते हुए डॉ. जैन ने आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में हो रहे बदलावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जीनोमिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बायोमार्कर्स और निरंतर स्वास्थ्य निगरानी जैसी तकनीकों के कारण भविष्य में बीमारियों की समय रहते पहचान और अत्यंत सटीक उपचार संभव हो सकेगा।
समारोह विज्ञान समिति, इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स, माइनिंग इंजीनियर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया तथा डॉ. डी.एस. कोठारी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. कीर्ति कुमार जैन को “डॉ. डी.एस. कोठारी उत्कृष्टता सम्मान-2026” से सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति एवं राज्यपाल के उच्च शिक्षा परामर्शक प्रो. कैलाश सोड़ानी थे। कार्यक्रम की शुरुआत विज्ञान समिति अध्यक्ष डॉ. महीप भटनागर के स्वागत उद्बोधन से हुई, जबकि कुलप्रमुख डॉ. के.एल. कोठारी ने डॉ. डी.एस. कोठारी अवार्ड की पृष्ठभूमि और महत्व पर प्रकाश डाला।
