एमएलएसयू को मिला नया कुलगुरु, प्रो. कैलाश डागा नियुक्त
Share
राज्यपाल ने लगाई मुहर, लंबे मंथन के बाद मिली जिम्मेदारी
उदयपुर, 13 मई : मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय (एमएलएसयू) को आखिरकार नया कुलगुरु मिल गया है। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने राज्य सरकार से चर्चा के बाद प्रो. कैलाश डागा के नाम पर मुहर लगा दी है। लोकभवन की ओर से जारी आदेश के साथ ही उनकी नियुक्ति की औपचारिक घोषणा कर दी गई।

कुलगुरु पद को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। इस दौड़ में प्रो. एसएस सारंगदेवोत, प्रो. आनंद पालीवाल और प्रो. सीमा मल्लिक सहित कई बड़े नाम चर्चा में थे। सर्च कमेटी और राज्य सरकार के स्तर पर विस्तृत मंथन के बाद प्रो. डागा के अनुभव, प्रशासनिक दक्षता और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त माना गया।
प्रो. डागा की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब विश्वविद्यालय कई शैक्षणिक और प्रशासनिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। नए कुलगुरु के सामने लंबित प्रोजेक्ट्स को गति देना, विश्वविद्यालय की रैंकिंग सुधारना और विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करना प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी। स्थानीय स्तर पर भी इस नियुक्ति को लेकर काफी उत्सुकता बनी हुई थी।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल ने भरतपुर की महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय के लिए भी प्रो. मदनसिंह राठौड़ को कुलगुरु नियुक्त किया है। वर्तमान में प्रो. राठौड़ सुखाड़िया विश्वविद्यालय के आर्ट्स कॉलेज के डीन हैं।
