ट्रेलर की टक्कर से 3 युवकों की मौत, 30 फीट दूर जा गिरे शव
Share
हाईवे पर मचा कोहराम, नाकाबंदी कर आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 17 मई: जिले के धमोतर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-56 पर शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक करीब 30 फीट दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने नाकाबंदी कर पकड़ लिया।
तेज रफ्तार बनी मौत का कारण
हादसा सेवरा गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज गति से लापरवाहीपूर्वक चलाया जा रहा था। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर धमोतर थाना अधिकारी घीसू लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निजी वाहनों से शवों को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचाया गया।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान आधार कार्ड के जरिए की। एक बाइक पर सवार राजू (35) पुत्र हकूरू निवासी पीपली खेड़ा टिकनिया, प्रतापगढ़ था। दूसरी बाइक पर अकलाख (29) पुत्र हजन और अब्बास (30) निवासी जगपुरा, राजसमंद सवार थे। पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी करवाई, जिसके बाद छोटी सादड़ी पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक राजू मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके पांच बेटियां और एक बेटा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वहीं अब्बास और अकलाख लकड़ी कटाई का काम करते थे और मजदूरी के सिलसिले में प्रतापगढ़ आए थे। काम खत्म कर देर रात घर लौटते समय वे हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की बात कही है।
