उदयपुर के दो कयाकर्स कैनो मैराथन वर्ल्ड कप के लिए चीन रवाना
Share
कनिष्का कुमावत और आयुष चौधरी भारतीय टीम में चयनित, शहर में खुशी का माहौल
उदयपुर, 20 मई: झीलों की नगरी उदयपुर के लिए गौरव का क्षण है। शहर के उभरते कयाकिंग खिलाड़ी कनिष्का कुमावत और आयुष चौधरी का चयन कैनो मैराथन वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी मंगलवार को दिल्ली से भारतीय दल के साथ चीन रवाना हुए।
राजस्थान कायकिंग एवं कैनोइंग संघ के सचिव दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों के चयन से खेल जगत में उत्साह का माहौल है। रवाना होने से पूर्व संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी और डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
संघ के चेयरमैन चंद्रगुप्त सिंह चौहान ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने उदयपुर में वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी की आवश्यकता बताते हुए कहा कि पर्याप्त संसाधन मिलने पर यहां से और खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं। संघ अध्यक्ष भगवान स्वरूप वैष्णव ने इसे उदयपुर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय प्रशिक्षकों, संघ पदाधिकारियों और साथी खिलाड़ियों को दिया। इस अवसर पर महावीर परिहार, महेश पिम्पलकर, डॉ. भूपेन्द्र सिंह चौहान, अजय अग्रवाल सहित कई खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
