LOADING

Type to search

पशु बाड़े में लगी भीषण आग, गाय और चार बछड़े जिंदा जले

crime

पशु बाड़े में लगी भीषण आग, गाय और चार बछड़े जिंदा जले

Share

हजार घास की पुलियां, बाइक और सामान राख; सुबह दूध निकालने पहुंचे किसान के उड़े होश
उदयपुर, 21 मई:
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के विसमा गांव में देर रात भीषण आग लगने से एक पशु बाड़े में बंधी गाय और चार बछड़े जिंदा जल गए। हादसे में करीब एक हजार घास की पुलियां, एक बाइक और अन्य घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया। घटना से किसान परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार विसमा निवासी जालम सिंह पुत्र मोती सिंह मंगलवार रात करीब 9 बजे खेत स्थित पशु बाड़े से घर लौटे थे। देर रात अज्ञात कारणों से बाड़े में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि भीतर बंधे मवेशियों को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल पाया।
सुबह करीब 6 बजे जालम सिंह दूध निकालने खेत पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। पूरा बाड़ा राख में तब्दील हो चुका था और गाय सहित चार बछड़ों के शव जले हुए पड़े थे।
घटना की सूचना पर सायरा थानाधिकारी कानाराम सीरवी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं पटवारी दिग्विजय सिंह ने मौका मुआयना कर रिपोर्ट तैयार की। पशु चिकित्सकों की टीम ने मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *