LOADING

Type to search

जमीन विवाद में भाइयों के बीच खूनी संघर्ष

crime

जमीन विवाद में भाइयों के बीच खूनी संघर्ष

Share

खेत की मेड़ बनाने को लेकर लाठी-कुल्हाड़ी चली, 6 घायल; 4 उदयपुर रेफर
उदयपुर, 21 मई:
झाड़ोल थाना क्षेत्र के गोराणा गांव के गोडवा फला में जमीन विवाद ने गुरुवार सुबह खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। खेत में मेड़ बनाने को लेकर दो भाइयों और उनके परिवारों के बीच जमकर लाठी और कुल्हाड़ी चली। घटना में छह लोग घायल हो गए, जिनमें बीच-बचाव करने आया एक पड़ोसी युवक भी शामिल है। चार घायलों को गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार बड़े भाई भंवरलाल और छोटे भाई मोहनलाल के बीच लंबे समय से खेत की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह खेत पर मेड़ बनाने के दौरान दोनों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-कुल्हाड़ी से हमला शुरू हो गया।
हमले में भंवरलाल, उसकी पत्नी टीपू बाई और बेटा हीरालाल घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से मोहनलाल और उसकी पत्नी गोपी बाई को चोटें आईं। झगड़ा छुड़ाने पहुंचे पड़ोसी नरेश भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर झाड़ोल पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मोहनलाल, हीरालाल, टीपू बाई और गोपी बाई को उदयपुर रेफर किया गया। थानाधिकारी फेलीराम ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *