LOADING

Type to search

फर्जी पीएसआई बनकर युवतियों को ठगने वाला गिरफ्तार

crime

फर्जी पीएसआई बनकर युवतियों को ठगने वाला गिरफ्तार

Share

डेटिंग एप और मेट्रीमोनियल साइट्स पर एआई प्रोफाइल बनाकर करता था शिकार
उदयपुर, 23 मई:
ऑनलाइन डेटिंग एप और मेट्रीमोनियल वेबसाइट्स के जरिए युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर लाखों रुपए ठगने वाले फर्जी पुलिस इंस्पेक्टर को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिमांशु उर्फ रॉकी पंचाल (27) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उदयपुर का रहने वाला है और फिलहाल अहमदाबाद के साबरमती इलाके में रह रहा था। आरोपी खुद को गुजरात पुलिस का पीएसआई बताकर युवतियों से दोस्ती करता था।
एआई से बनाई पुलिस अफसर की पहचान
क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपी ने डेटिंग एप और मेट्रीमोनियल साइट्स पर गुजरात पुलिस की वर्दी में एआई जनरेटेड फोटो और फर्जी प्रोफाइल अपलोड कर रखी थी। प्रोफाइल देखने के बाद संपर्क करने वाली युवतियों को वह शादी और रिश्ते का झांसा देकर इमोशनली ब्लैकमेल करता और उनसे रुपए ऐंठ लेता था। बीते छह माह में उसने करीब 20 युवतियों को अपना शिकार बनाया। आरोपी तलाकशुदा महिलाओं को भी निशाना बनाता था।
पुलिस ने बरामद किए फर्जी दस्तावेज
डीसीपी अजीत राज्यान ने बताया कि आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, 40 हजार रुपए नकद, एआई से बना फर्जी आईडी कार्ड, गुजरात पुलिस का लोगो, बेल्ट, बैज, टोपी और अशोक स्तंभ का मोनोग्राम जब्त किया गया है। आरोपी शादी डॉटकॉम, जीवनसाथी, बम्बल, हिंग और अन्य एप्स के जरिए युवतियों से संपर्क करता था। भरोसा जीतने के लिए वह खुद को क्राइम ब्रांच साइबर सिक्योरिटी में पदस्थ बताता था।
पहले भी दर्ज हैं गंभीर मामले
आरोपी के खिलाफ अहमदाबाद के नवरंगपुरा और नरोडा थानों में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। एक पीड़िता से उसने 79 हजार और दूसरी से 1.74 लाख रुपए ठगे थे। जांच में यह भी सामने आया कि एक वर्ष पहले मुंबई में नकली पहचान और दुष्कर्म के मामले में भी वह गिरफ्तार हो चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *